#बालाघाट
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला मुख्यालय में कराते प्रतियोगिता आयोजित
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला मुख्यालय में कराते प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्थानीय खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री किरण भाई त्रिवेदी एवं जिला खेल अधिकारी श्री राहुल बारेसा उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्री बारेसा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों में युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें कबड्डी, कराते, वॉलीबॉल, फुटबॉल एवं दौड़ सहित अन्य खेल तथा सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जा रहा है तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जा रहा है।
कराते प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शुभम मनेश्वर, साक्षी खैरकर, संजू मेश्राम, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कर्मचारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ ही राष्ट्र निर्माण में उनकी सकारात्मक भूमिका का संदेश दिया गया।
#SevaSankalpAbhiyan
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#MP_DSYW