गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव ने बुधवार को योगीटांड़ में निर्माणाधीन डेयरी प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, इस्तेमाल की जा रही सामग्री, तकनीकी मानकों और कार्यों की गुणवत्ता की जानकारी ली। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्य समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
जिले में दुग्ध संग्रहण, विधायन और विपणन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए DMFT मद से वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹345.41 लाख यानी करीब 3.45 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। यह परियोजना झारखंड मिल्क फेडरेशन (JMF) द्वारा संचालित गतिविधियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है।
NDDB के सहयोग से गिरिडीह में प्रतिदिन 50 हजार लीटर क्षमता वाले डेयरी प्लांट की स्थापना की प्रक्रिया जारी है। इससे ग्रामीण दुग्ध उत्पादकों को संगठित दुग्ध संग्रहण व्यवस्था से जोड़ने और उनके दूध के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। निरीक्षण के दौरान NDDB के DGM केएस पटेल, मेधा के महाप्रबंधक पवन मारवाहा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#Giridih #Jharkhand #DairyPlant #Yogitand #MilkProduction #DairyDevelopment #DMFT #JMF #NDDB #Medha #MilkFarmers #RuralEconomy #DairyFarmers #GiridihNews #JharkhandNews