जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय के मिनी सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar: Muft Bijli Yojana) की प्रगति एवं प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र परिवारों को लाभान्वित करने, प्राप्त आवेदनों एवं स्वीकृतियों की स्थिति, विद्युत अवसंरचना की उपलब्धता तथा योजना के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में पाया गया कि कई मामलों में बैंकों द्वारा ऋण (लोन) स्वीकृत नहीं किए जाने अथवा ऋण आवेदन अस्वीकृत होने के कारण योजना के कार्यान्वयन की प्रगति प्रभावित हो रही है। इस पर जिला पदाधिकारी ने प्रभारी पदाधिकारी, बैंकिंग शाखा को निर्देश दिया कि सभी संबंधित बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित एवं अस्वीकृत ऋण आवेदनों की समीक्षा करें तथा पात्र लाभुकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
साथ ही जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल एवं प्रभारी पदाधिकारी, बैंकिंग शाखा को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के क्रियान्वयन में आने वाली सभी बाधाओं का शीघ्र समाधान करने तथा स्थापना कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग नियमित समन्वय स्थापित कर लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी बताया गया कि Utility-Led Aggregation (ULA) स्कीम से बांका जिले के 6,422 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर 15 नवंबर तक सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थापना का कार्य पूर्ण किया जाना है। जिला पदाधिकारी ने इस लक्ष्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को गंभीरता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
54 views | Banka, Bihar | Aug 5, 2026