*मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने सांवेर में 35 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन*
---
*अजा छात्रावास, जनपद पंचायत कार्यालय भवन, सड़क और सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों की मिली सौगात*
इंदौर, 21 नवम्बर 2026
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने शनिवार को सांवेर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बावलियाखेड़ी में 35 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें अनुसूचित जाति (अजा) छात्रावास, जनपद पंचायत कार्यालय भवन, सड़क निर्माण एवं सामुदायिक भवन सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में सांवेर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। सांवेर नगर परिषद के समीप अजा छात्रावास, जनपद पंचायत कार्यालय भवन, बायपास सड़कें, सामुदायिक भवन एवं आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी।
*सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण पर 1102 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की स्वीकृति*
मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में सांवेर विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के माध्यम से 1102 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से 342 किलोमीटर लंबाई की 72 सड़कों तथा 13 पुल-पुलियों के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि सांवेर नगर परिषद क्षेत्र में लगभग साढ़े 14 करोड़ रुपये की लागत से छह सड़कों एवं केसरीपुरा में पुल का निर्माण किया गया है। इसके अलावा सांवेर पुराना बायपास, पांच किलोमीटर लंबा सांवेर आंतरिक मार्ग, उल्टे हनुमान मंदिर मार्ग, सांवेर-गवला मार्ग, ट्रेंचिंग ग्राउंड रोड तथा केसरीपुरा ब्रिज का निर्माण भी पूर्ण किया जा चुका है।
मंत्री श्री सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, मंत्री श्री राकेश सिंह एवं मंत्री श्री नागर सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व के सहयोग से सांवेर विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से पालिया मंडल को 2935 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 48 किलोमीटर लंबे इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड सिक्स लेन कॉरिडोर की महत्वपूर्ण सौगात मिली है। इस परियोजना से क्षेत्र के 28 गांवों के हजारों किसानों को लाभ मिला है तथा उन्हें चार गुना से अधिक मुआवजा प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षों में सांवेर क्षेत्र को मेट्रो रेल सुविधा से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण संभावनाएं हैं।
मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र में पिछले आठ वर्षों के दौरान 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें सीसी रोड, नाली एवं ड्रेनेज निर्माण, सामुदायिक भवन, पुल-पुलिया, पंचायत एवं आंगनवाड़ी भवन, घाट एवं बैराज निर्माण, अस्पताल, खेल मैदान, अमृत सरोवर तथा तालाबों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सांवेर क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, उद्यान एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। शासन का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक गांव और नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना तथा सांवेर को सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है।
इस अवसर पर सर्वश्री भारतसिंह चिमली, दिलीप चौधरी, अंतरसिंह दयाल, संदीप चंगेडिया, रीना सतीश मालवीय, रामकन्या मानसिंह चौहान, विश्वजीतसिंह सिसौदिया, अजयसिंह पंवार, जितेन्द्र आंजना, सुरेश सिंह, तुफानसिंह, शिवपालसिंह चावडा, जीतुराज राठौर, सुभाष चौधरी, सरपंच कुंजलता राजेश चौधरी, एसडीएम हरीशंकर विश्वकर्मा, तहसीलदार पूनम तोमर, सीईओ कुसुम मंडलोई सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं सैकडों क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
---
#Sanwer #Development #MadhyaPradesh #JansamparkMP
Tulsi Silawat
Jansampark Madhya Pradesh