#बालाघाट
कलेक्टर ने की म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन लिमिटेड की समीक्षा
लंबित भुगतान शीघ्र कराने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में 03 जून को कलेक्टर सभाकक्ष में म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन लिमिटेड की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रबंधक सिविल सप्लाई श्री हरीश कोरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में धान उपार्जन वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मीना ने विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि धान उपार्जन वर्ष 2024-25 में कुल 1 लाख 30 हजार 805 किसानों का पंजीयन हुआ था, जिनसे 5 लाख 49 हजार 961 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया। वहीं धान उपार्जन वर्ष 2025-26 में 1 लाख 30 हजार 37 किसानों का पंजीयन हुआ, जिनसे 6 लाख 8 हजार 570 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई।
कलेक्टर श्री मीना ने दोनों उपार्जन वर्षों के अंतर्गत किसानों के लंबित भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष भुगतान की राशि का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर भुगतान उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
बैठक में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत गेहूं खरीदी की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष 4 हजार 388 किसानों का पंजीयन हुआ, जिनसे 8 हजार 384 मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया गया है।
इसके अलावा धान उपार्जन से संबंधित प्राप्त सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में उपार्जन कार्यों की प्रगति, भुगतान व्यवस्था तथा शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi #cooperativedept
12 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 3, 2026