फरीदाबाद हाफ मैराथन को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 27 सितंबर को कई रास्ते रहेंगे बंद
27 सितंबर 2026 को सूरजकुंड मेला ग्राउंड से आयोजित होने वाली Faridabad Half Marathon-2026 को लेकर फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। मैराथन में करीब 1.27 लाख प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए सुबह 3 बजे से 11 बजे तक मैराथन रूट और उससे जुड़े कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
प्रतिभागियों को BIB साथ रखना होगा
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार मैराथन प्रतिभागियों को अपने निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचने की अनुमति रहेगी। इसके लिए प्रतिभागियों को अपने साथ वैध पंजीकरण कार्ड, BIB या आयोजन से संबंधित पहचान पत्र रखना अनिवार्य होगा। जरूरत पड़ने पर पुलिस द्वारा इसका सत्यापन किया जाएगा।
21 किलोमीटर मैराथन का रूट
21 किलोमीटर हाफ मैराथन सुबह करीब 6 बजे सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होगी। इसका रूट एनएचपीसी कॉलोनी, मानव रचना इंस्टीट्यूट, श्री सिद्धदाता आश्रम, जिमखाना क्लब, अनखीर गोलचक्कर, सेक्टर-21C, सेक्टर-46 डिवाइडिंग रोड, मार्बल मार्केट, बड़खल-अनखीर रोड और सेक्टर-21D मार्केट होते हुए अनखीर गोलचक्कर से यू-टर्न लेकर वापस सूरजकुंड मेला ग्राउंड तक रहेगा।
10 किलोमीटर मैराथन भी इसी दौरान होगी
10 किलोमीटर मैराथन सुबह 6:30 बजे सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होगी। प्रतिभागी एनएचपीसी कॉलोनी, अनंगपुर चौक, मानव रचना इंस्टीट्यूट और एमवीएन कट तक जाएंगे। यहां से यू-टर्न लेकर वापस सूरजकुंड मेला ग्राउंड पहुंचेंगे।
इन रास्तों पर सामान्य वाहनों की एंट्री बंद
मैराथन के दौरान पाली चौक से एमवीएन चौक, प्रहलादपुर चौक से सूरजकुंड गोलचक्कर, सूरजकुंड रोड, अनंगपुर रोड, एमवीएन रोड, अनखीर गोलचक्कर से सेक्टर-21A से सेक्टर-21D डिवाइडिंग रोड तथा बड़खल चौक से सूरजकुंड शूटिंग रेंज रोड पर सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
दिल्ली-गुरुग्राम जाने वालों के लिए वैकल्पिक रूट
गुरुग्राम से दिल्ली जाने वाले वाहन पाली चौक → गुड़गांव मोड़ → सैनिक कॉलोनी → मस्जिद चौक → प्याली चौक → बाटा चौक → नेशनल हाईवे → बदरपुर बॉर्डर का इस्तेमाल कर सकेंगे।
वहीं दिल्ली से गुरुग्राम जाने वाले वाहन बदरपुर बॉर्डर → नेशनल हाईवे → बाटा चौक → प्याली चौक → मस्जिद चौक → सैनिक कॉलोनी → गुड़गांव मोड़ → पाली चौक होते हुए गुरुग्राम जा सकेंगे।
आमजन से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 27 सितंबर को सुबह 3 बजे से 11 बजे तक सूरजकुंड और मैराथन रूट की ओर अनावश्यक यात्रा से बचें। वाहन चालक पहले से अपने रूट की योजना बनाएं और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। रास्ते में तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों, बैरिकेडिंग और यातायात संकेतों का पालन करने की भी अपील की गई है।
मैराथन प्रतिभागियों को भी निर्धारित समय से पर्याप्त पहले सूरजकुंड मेला ग्राउंड पहुंचने और अपने साथ BIB/पंजीकरण कार्ड एवं आवश्यक दस्तावेज रखने की सलाह दी गई है।
यातायात संबंधी सहायता के लिए फरीदाबाद ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 0129-2267201 या आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर संपर्क किया जा सकता है।