स्थानीय ग्रामीणों के लिए पहले से लागू टोल प्रक्रिया रहेगी बरकरार: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
ग्रामीणों और टोल संचालक के बीच विवाद पर उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश।
टोल संचालन में नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई।
टोल पर किसी भी तरह की अनियमितता स्वीकार नहीं: पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण
। बागपत और सनौली टोल संचालकों के साथ वीरवार को जिला सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण ने बैठक कर टोल प्रबंधन और आसपास के ग्रामीणों के बीच उठे विवाद एवं टोल प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त ने पूरे मामले की जानकारी लेते हुए नियमों के अनुसार व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्पष्ट किया कि टोल प्लाजा के आसपास के गांवों के लिए पहले से आधार कार्ड अथवा अन्य मान्य पहचान पत्र के आधार पर लागू टोल प्रक्रिया को यथावत रखा जाए। एसओपी का पूरी तरह से पालन किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों को निर्धारित नियमों के तहत मिलने वाली सुविधा में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा नहीं आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि टोल संचालन से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि टोल व्यवस्था पूरी तरह नियमों और पारदर्शिता के आधार पर संचालित होनी चाहिए। स्थानीय ग्रामीणों के लिए जो प्रक्रिया पहले से निर्धारित है, उसे बरकरार रखा जाए और पात्र लोगों को उसके अनुसार सुविधा मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन की सुविधा और कानून-व्यवस्था दोनों को लेकर पूरी तरह गंभीर है। नियमों की अवहेलना किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण ने कहा कि टोल प्लाजा पर किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने टोल संचालक तथा आसपास के ग्रामीणों से नियमों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे मामले पर नजर रखते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण ने कहा कि टोल संचालन से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर उसे गंभीरता से लिया जाएगा। टोल संचालक और ग्रामीण दोनों पक्ष निर्धारित नियमों का पालन करें तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की लगातार निगरानी रखते हुए नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण, एसडीएम समालखा अमित कुमार, डीएसपी नरेंद्र, टोल संचालकों संदीप, विशाल सहित एन एचआई के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।