संजय कॉलोनी में सरिया-कांटा हटाने को लेकर बवाल, मारपीट और हवाई फायरिंग ...
सेक्टर-23 स्थित संजय कॉलोनी में देर रात सरिया-कांटा हटाने को लेकर दुकानदार और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। स्थानीय लोगों ने विवाद के दौरान करीब 8 से 10 राउंड हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है। घटना में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
बताया जा रहा है कि गली में लगे सरिया-कांटे को हटाने के मुद्दे पर दुकानदार और स्थानीय लोगों के बीच पहले बहस हुई थी। आरोप है कि इसके बाद दुकानदार ने कुछ लोगों को मौके पर बुला लिया। वहां पहुंचे लोगों और स्थानीय निवासियों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
विवाद के दौरान गली में खड़ी तीन से चार गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी दौरान गली में कई राउंड हवाई फायरिंग की गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि मारपीट, तोड़फोड़ और कथित फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
घटना के बाद संबंधित दुकानदार दुकान बंद कर मौके से चला गया। पुलिस मामले से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। हालांकि, फायरिंग की संख्या और घायलों के संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। मामले की जांच जारी है।