संभल में अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, शिवा ढाबे को किया ध्वस्त
चंदौसी में बिना नक्शा पास कराए किया जा रहा था ढाबे का संचालन, नोटिस के बाद भी नहीं दिखाए गए जरूरी दस्तावेज
संभल। जनपद संभल में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चंदौसी तहसील क्षेत्र में स्थित एक ढाबे को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। अलीगढ़-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिना नक्शा स्वीकृत कराए बनाए गए शिवा ढाबे के अवैध निर्माण पर प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, चंदौसी तहसील क्षेत्र में अलीगढ़-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गाटा संख्या 2152 और 2153 पर नरेश नामक व्यक्ति द्वारा निर्माण कर शिवा ढाबा संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि ढाबे का निर्माण विनियमित क्षेत्र से नक्शा स्वीकृत कराए बिना किया गया था।
इस मामले में विनियमित क्षेत्र विभाग की ओर से वर्ष 2024 में पहला नोटिस जारी कर निर्माण स्वामी से जवाब मांगा गया था। इसके बावजूद संतोषजनक जवाब और स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद विभाग की ओर से 5 अगस्त 2026 को दूसरा नोटिस जारी किया गया।
नोटिस के बाद भी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। एसडीएम चंदौसी आशुतोष तिवारी राजस्व विभाग की टीम, विनियमित क्षेत्र के अधिकारियों और थाना बनियाठेर के भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद बुलडोजर की मदद से ढाबे के अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया गया।
एसडीएम आशुतोष तिवारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में इस प्रकार के अन्य अवैध निर्माण पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हलचल मची हुई है।