पोरी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त किरण भड़ाना ने की शिरकत
भगवान त्रिलोकीनाथ के दरबार में शीश नवाकर की क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना
Kullu Times
उदयपुर उपमंडल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल त्रिलोकीनाथ में आयोजित राज्य स्तरीय पोरी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर एसडीएम कुनिका एकर्स भी मौजूद रहीं। उपमंडलीय प्रशासन की ओर से मेला समिति के अध्यक्ष एवं नायब तहसीलदार विनय राशपा सहित अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त लाहौल स्पीति किरण भड़ाना व एसडीएम कुनिका ऐकर्स का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सांस्कृतिक संध्या में शामिल होने से पूर्व उपायुक्त किरण भड़ाना ने भगवान त्रिलोकीनाथ जी के मंदिर में पहुंचकर विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान त्रिलोकीनाथ जी के समक्ष शीश नवाया तथा समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
उपायुक्त ने कहा कि पोरी मेला लाहौल-स्पीति की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। यह मेला न केवल लोगों की धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे को सहेजने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने पोरी मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, उपमंडलीय प्रशासन तथा स्थानीय लोगों को शुभकामनाएं दीं।
दूसरी सांस्कृतिक संध्या के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया तथा पूरा वातावरण लोक संस्कृति और उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।
Kullu, Kullu | Aug 22, 2026