रादौर : शहर के अनाजमंडी चौक पर शुक्रवार की सुबह पैदल सड़क पार कर रही एक वृद्ध महिला को ट्रैक्टर-ट्राला चालक ने तेजगति व लापरवाही से चलते हुए बुरी तरह से कुचल डाला। जिस कारण वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर रादौर पुलिस मौके पर पहुंची और वृद्ध महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जबकि दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने ट्राला चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। दुर्घटना के कारण मंडी गेट पर कुछ समय के लिए जाम लगा। पुलिस ने जाम खुलवाया। वहीं देर शाम पुलिस ने पोस्टमार्टम के उपरांत वृद्ध महिला के शव को परिजनों के हवाले कर दिया। जिसके बाद शाम को गांव बापौली में परिजनों व ग्रामीणों ने वृद्ध महिला के शव का अंतिम संस्कार किया। गांव बापौली निवासी राजेंद्र भरद्वाज ने बताया कि उसकी चाची सुनीता देवी (61) शुक्रवार की सुबह रादौर बैंक से अपनी पेंशन लेने गई थी। पेंशन लेने के उपरांत उसे बिजली दफ्तर में बिल भरने जाना था। इस दौरान जब वह अनाजमंडी चौक पर पैदल सड़क पार कर रही थी तो ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने तेजगति व लापरवाही से चलते हुए उसकी चाची सुनीता देवी को कुचल डाला। जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सुनीता देवी के 2 बेटे है। बड़ा बेटा विजय कुमार अंबाला में होमगार्ड के तौर पर नौकरी करता है। वहीं छोटा बेटा विकास हैफड रादौर में सुरक्षाकर्मी के तौर पर कार्यरत है। महिला की मौत से गांव व क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।