*सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सन्हौला में ‘बेटी जन्मोत्सव–कन्या रत्न सम्मान समारोह’ का आयोजन*
भागलपुर, 05 अक्टूबर 2026।
महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर के डिस्ट्रिक्ट हब फॉर वुमन एंपावरमेंट (DHEW) द्वारा मिशन शक्ति योजना अंतर्गत ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सन्हौला में ‘बेटी जन्मोत्सव–कन्या रत्न सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 50 नवजात कन्याओं की माताओं को बेबी किट एवं फल की टोकरी प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही 13 नवजात कन्याओं के जन्म प्रमाण-पत्र उनके परिजनों को वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त 6 कन्याओं की माताओं/परिजनों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मिशन शक्ति के जिला मिशन समन्वयक श्री तबरेज़ खान ने कन्या जन्म के महत्व तथा बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं संरक्षण के संबंध में उपस्थित माताओं एवं परिजनों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को भी बेटों के समान समान अधिकार एवं अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने परिवारों से बेटे और बेटी के बीच किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करने तथा बालिकाओं की शिक्षा एवं सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने की अपील की।
वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ श्री अभिषेक सुमन द्वारा उपस्थित महिलाओं एवं परिजनों को वित्तीय साक्षरता, बचत, बैंकिंग सेवाओं, विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा डिजिटल वित्तीय लेन-देन के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के संबंध में जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अस्पताल प्रभारी श्री संजीव कुमार दास, बीएचएम श्री ओम कुमार गुप्ता, नवजात शिशुओं के माता-पिता एवं परिजन, नर्सिंग स्टाफ, अस्पताल कर्मी तथा आशा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कन्या जन्म को प्रोत्साहित करना, बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, बेटा-बेटी के बीच भेदभाव को समाप्त करना तथा महिलाओं एवं परिवारों को स्वास्थ्य, सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
ज़िला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर