महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर
जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW), भागलपुर
*गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभाओं में पारित हुआ ‘बाल विवाह मुक्त ग्राम’ का प्रस्ताव*
भागलपुर, 02 अक्टूबर 2026। गांधी जयंती के अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत भागलपुर जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों, बच्चों के अधिकार तथा बाल विवाह की रोकथाम में समुदाय की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।
जगदीशपुर प्रखंड के जमनी, पुरैनी टोला सोनुचक, जगदीशपुर, भवानीपुर देसरी, पुरैनी उत्तरी, पुरैनी दक्षिणी एवं बैजनी में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में “बाल विवाह मुक्त ग्राम” बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। यह प्रस्ताव केवल एक औपचारिक संकल्प नहीं, बल्कि ग्राम समुदाय द्वारा बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा तथा बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी स्वीकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय स्तर पर कार्यरत संस्थाओं के बीच समन्वय को बढ़ावा मिलेगा तथा बाल विवाह की सूचना मिलने पर समय रहते हस्तक्षेप और आवश्यक कार्रवाई के लिए सामुदायिक तंत्र मजबूत होगा।
ग्राम सभा में उपस्थित लोगों को बाल विवाह न करने, न कराने तथा इसकी जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को सूचित करने की शपथ दिलाई गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बाल हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 एवं साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर के जिला परियोजना प्रबंधक श्री मणिशंकर, मिशन शक्ति के जिला मिशन समन्वयक श्री तबरेज़ खान, जेंडर स्पेशलिस्ट श्री विवेक कुमार, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ श्री अभिषेक सुमन तथा सहयोगी संस्था मुक्ति निकेतन, भागलपुर के जिला समन्वयक श्री कृष्ण कुमार मंडल, प्रखंड समन्वयक श्री नवल किशोर मंडल एवं श्री शशि मेहता, CSW श्री बिपिन कुमार सहित श्री दीपक सिंह, श्री सोमेश कुमार, सुश्री हेमा कुमारी, सुश्री बिनीता झा एवं सुश्री स्वीटी प्रिया की सक्रिय सहभागिता रही।
विशेष ग्राम सभाओं में पारित प्रस्ताव से गांवों में बाल विवाह के प्रति शून्य-सहनशीलता की सामुदायिक प्रतिबद्धता, जागरूकता और स्थानीय स्तर पर रोकथाम के प्रयासों को बल मिला। इससे बाल विवाह मुक्त ग्राम की दिशा में निरंतर सामुदायिक निगरानी, सूचना एवं सहयोग की व्यवस्था को मजबूत करने का आधार तैयार हुआ।
जिला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर
1 views | Bhagalpur, Bihar | Oct 2, 2026