जगत सिंह नेगी ने भरमौर में विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मणिमहेश यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हड़सर से यमकुंड तक बनेगा नया पैदल मार्ग
सड़क परियोजनाओं को गति देने तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरंग निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
भरमौर, 26 सितंबर।
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में शनिवार को एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना भरमौर के तहत लघु सचिवालय पट्टी के सभागार में परियोजना सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय विधायक एवं परियोजना सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष डॉ. जनक राज भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना के तहत जारी विभिन्न विकासात्मक कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
संवेदनशील स्थानों पर सुरंग निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
जगत सिंह नेगी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-154 ए सहित जनजातीय उपमंडल भरमौर के प्रमुख संपर्क मार्गों पर संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर सड़क यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सुरंग निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हड़सर से यमकुंड तक बनेगा नया पैदल मार्ग
मणिमहेश यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। हड़सर से यमकुंड, तोश के गोठ के समीप तक वन विभाग द्वारा नया पैदल मार्ग निर्मित किया जाएगा।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। नया पैदल मार्ग बनने से मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
130 करोड़ से 17 सड़कों का निर्माण प्रगति पर
लोक निर्माण विभाग के तहत चल रही विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) चरण-4 के तहत भरमौर क्षेत्र के 76 गांवों में किए गए सर्वेक्षण के आधार पर करीब 130 करोड़ रुपये की लागत से 17 सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इसके अलावा 15 सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा चुकी है, जबकि 44 सड़कों के लिए गिफ्ट डीड और एफसीए मामलों की प्रक्रिया जारी है।
वहीं, करीब 183 करोड़ रुपये की लागत से 15 पुलों के निर्माण के लिए भी डीपीआर तैयार की जा चुकी है।
मंत्री ने लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की सराहना करते हुए अधिकारियों को सभी सड़क परियोजनाओं से संबंधित राजस्व प्रविष्टियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डंपिंग साइट और खाली भूमि पर बढ़ेगा पौधारोपण
बैठक में वन विभाग के तहत कैंपा और कैट प्लान के माध्यम से चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। जगत सिंह नेगी ने अधिकारियों को विभिन्न डंपिंग साइटों तथा खाली भूमि पर पौधारोपण गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विकास कार्यों के दौरान प्रभावित क्षेत्रों के उचित प्रबंधन पर भी जोर दिया।
किसानों और बागवानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश
कृषि एवं उद्यान विभाग के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान मंत्री ने फल एवं सब्जियों के उत्पादन से संबंधित मौजूदा प्रथाओं पर असंतोष व्यक्त किया।
उन्होंने कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों, बागवानों और पशुपालकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
भरमौर अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
जगत सिंह नेगी ने उपमंडलीय प्रशासन को नागरिक चिकित्सालय भरमौर में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जल शक्ति, विद्युत, पशुपालन, मत्स्य पालन, परिवहन, वूल फेडरेशन, ग्रामीण विकास तथा युवा सेवाएं एवं खेल विभाग सहित विभिन्न विभागों के तहत चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अध्यक्ष जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति ललित ठाकुर, सदस्य जनजातीय सलाहकार परिषद रवि दत्त शर्मा, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा, उपमंडल दंडाधिकारी अजय कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक बलदेव शर्मा, अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर, राजेश मोगरा, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, वन्य प्राणी प्रभाग नव नाथ माने शिवाजी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, अधिशासी अभियंता राज सिंह व हंस राज, उपनिदेशक उद्यान प्रमोद शाह, पशुपालन विभाग के राकेश भंगालिया, उपमंडलीय प्रबंधक एचआरटीसी शुगर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#चंबा #भरमौर #जगतसिंहनेगी #मणिमहेशयात्रा #मणिमहेश #हड़सर #यमकुंड #भरमौरविकास #सड़कविकास #सुरंगनिर्माण #PMGSY #जनजातीयक्षेत्र #चंबान्यूज़ #हिमाचलप्रदेश #PangiLiveNews #DigitalNews
Chamba, Chamba | Sep 27, 2026