नागद्वारी में आस्था का सैलाब, पहले दिन 2 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर प्रशासन मुस्तैद, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल एवं यातायात व्यवस्थाओं की सतत निगरानी
पचमढ़ी की सतपुड़ा वादियों में इन दिनों आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। शिव भक्ति को समर्पित नागद्वारी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मेले के पहले ही दिन करीब 2 लाख श्रद्धालुओं ने नागद्वारी पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नर्मदापुरम कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हिमांशु जैन के मार्गदर्शन में पिपरिया एसडीएम श्री आकिप खान द्वारा नागद्वारी मेले की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासनिक अमला मेले के आयोजन से पहले ही पचमढ़ी में सक्रिय हो गया था। अधिकारी एवं कर्मचारी मैदानी स्तर पर मौजूद रहकर भीड़ प्रबंधन, दर्शन व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जिले के प्रमुख एवं इतने बड़े आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए मेले में जिले के विभिन्न कार्यपालिक मजिस्ट्रेटो की भी ड्यूटी लगाई गई है जो की प्रथम दिवस से ही पचमढ़ी में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं एवं व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे।
कलेक्टर ने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के पालन करने की अपील की:
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने नागद्वारी मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों एवं व्यवस्थाओं का पालन करें तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से भीड़ में धैर्य बनाए रखने, प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने तथा स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था के साथ नागद्वारी पहुंच रहे हैं। ऐसे में सभी श्रद्धालुओं के सहयोग से दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाया जा सकता है।
सीईओ जिला पंचायत हिमांशु जैन ने मैदानी स्तर पर लिया व्यवस्थाओं का जायजा:
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हिमांशु जैन स्वयं मैदानी स्तर पर पहुंचे और मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रमुख मार्गों, भीड़ वाले क्षेत्रों तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यातायात, स्वच्छता, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को मौके पर देखा तथा आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य और यातायात तक पुख्ता इंतजाम
नागद्वारी मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल एवं आपदा प्रबंधन की टीमें प्रमुख स्थानों एवं मार्गों पर तैनात की गई हैं। भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मेले में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था की गई है। विभिन्न स्थानों पर सहायता केंद्र एवं मदद के स्टॉल बनाए गए हैं, जहां तैनात कर्मचारी श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष फोकस:
नागद्वारी मेले में स्वच्छता व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है। प्रमुख स्थानों एवं मार्गों पर सफाई अमला तैनात किया गया है तथा कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न स्थानों पर संदेश भी प्रदर्शित किए गए हैं। देश एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नागद्वारी पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, यातायात एवं दर्शन व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि आस्था के इस बड़े आयोजन में प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराए जा सकें।
#narmadapuram #panchmari CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Home Department of Madhya Pradesh Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh Department Of Revenue, Madhya Pradesh
Madhya Pradesh Tourism