डीएम ने किया राजस्व प्रकरणों का स्थलीय सत्यापन, रोवर से कराई चकमार्ग की पैमाइश
#देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को तहसील सलेमपुर क्षेत्र में राजस्व से जुड़े विभिन्न प्रकरणों का स्थलीय सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने स्टांप मूल्यांकन, धारा-24 और अंश निर्धारण से संबंधित मामलों की मौके पर जांच की।
ग्राम पुरैना में धारा-24 के तहत चकमार्ग की पैमाइश रोवर पद्धति से कराई गई। जिलाधिकारी ने स्वयं रोवर पकड़कर पैमाइश की प्रक्रिया का जायजा लिया। पैमाइश के बाद चकमार्ग से जुड़े प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण कराया गया।
इसी गांव में अंश निर्धारण के मामले की भी जांच की गई। ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी लेने के बाद जिलाधिकारी ने अंश निर्धारण से संबंधित दो खतौनियां किसानों को प्रदान कीं। पुरैना में करीब 1.04 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति से जुड़े स्टांप मूल्यांकन प्रकरण का भी स्थलीय सत्यापन किया गया। जांच में संपत्ति का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। वहीं ग्राम करौता में करीब 1.59 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति के स्टांप मूल्यांकन मामले का भी मौके पर निरीक्षण किया गया। यहां भी मूल्यांकन निर्धारित मानकों के अनुरूप मिला।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संपत्तियों के क्रय-विक्रय में निर्धारित मानकों के अनुसार ही मूल्यांकन किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी, उप निबंधक प्रतिमा सिंह समेत राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Barhaj, Deoria | Aug 14, 2026