राइजिंग स्टार आउटरीच ऑफ इंडिया (Rising Star Outreach of India) – प्रेस विज्ञप्ति / संदेश
राइजिंग स्टार आउटरीच ऑफ इंडिया एक सामाजिक संस्था है, जो भारत में कुष्ठ रोग (Leprosy) से प्रभावित परिवारों और उनके बच्चों के जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। संस्था भारत के तीन राज्यों में अपनी सेवाएँ प्रदान कर रही है। बिहार में इसका प्रमुख केंद्र पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल स्थित एंड्रयूज़ कैंपस में संचालित है।
राइजिंग स्टार आउटरीच ऑफ इंडिया का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि कुष्ठ रोग से प्रभावित परिवारों के बच्चों को सम्मानजनक, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य देना है। संस्था अपने आवासीय विद्यालय में लगभग 1000 बच्चों को निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएँ, खेलकूद, कंप्यूटर शिक्षा तथा नैतिक एवं व्यक्तित्व विकास का अवसर प्रदान करती है। यहाँ बच्चों को कक्षा 12वीं तक पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। इनमें से 400 बच्चों रकसोल में हैं
बिहार के उत्तरी क्षेत्रों में स्थित विभिन्न कुष्ठ रोग कॉलोनियों—जैसे पूर्वी चंपारण (मोतिहारी एवं रक्सौल क्षेत्र), पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, पटना सहित अन्य क्षेत्रों—से बच्चों का चयन कर उन्हें शिक्षा एवं समग्र विकास का अवसर दिया जाता है। संस्था शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता, शौचालय निर्माण, आजीविका सहायता तथा सामुदायिक विकास से जुड़े अनेक कार्यक्रम भी संचालित करती है, ताकि कुष्ठ रोग से प्रभावित परिवार आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
आज जिलाधिकारी महोदय के द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी रक्सौल के साथ संस्थान का भ्रमण किया गया। डीएम ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों का अवलोकन किया और अपने सकारात्मक विचार व्यक्त किए।
राइजिंग स्टार आउटरीच ऑफ इंडिया परिवार द्वारा जिलाधिकारी महोदय के इस प्रेरणादायक एवं उत्साहवर्धक दौरे के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया गया है और कहा गया है कि भविष्य में भी जिला प्रशासन का मार्गदर्शन एवं सहयोग मिलता रहेगा, जिससे हम कुष्ठ रोग से प्रभावित परिवारों और उनके बच्चों के जीवन में शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान के नए अवसर उपलब्ध कराते रहेंगे।
"शिक्षा, सेवा और सम्मान के माध्यम से हर बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण ही राइजिंग स्टार आउटरीच ऑफ इंडिया का संकल्प है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar