ऑटो चालक के साथ मारपीट, पूजा कर लौट रहे परिवार को बनाया निशाना
अरेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत NH 527B पर रविवार दोपहर उपद्रवी तत्वों ने एक ऑटो चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुँची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
मिली जानकारी के अनुसार, मनमोहन गांव निवासी ऑटो चालक अपने परिवार के साथ कपिलेश्वर मंदिर से पूजा अर्चना कर वापस लौट रहे थे। इस दौरान बिजलपुरा प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित धोड़ाई दास पोखर के समीप कुछ युवकों ने ऑटो रुकवाने का इशारा किया। परिवार के साथ होने के कारण चालक ने ऑटो नहीं रोका, जिससे नाराज होकर उपद्रवियों ने उन्हें निशाना बनाया।
घायल चालक ने मारपीट करने वाले युवकों की पहचान महादेव और विनोद के रूप में की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा 112 पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुँचाया।
इस संबंध में अरेर थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा कि पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन मिलने और मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Benipatti, Madhubani | Jul 12, 2026