स्मार्ट क्लास में पढ़ाई की जगह भोजपुरी गाने पर डांस, जमुआवां हाईस्कूल में व्यवस्था पर उठे सवाल ।
गया जिले के वजीरगंज प्रखंड अंतर्गत जमुआवां 10+2 उच्चतर विद्यालय में स्मार्ट क्लास के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्यालय में परीक्षा के दौरान स्मार्ट क्लास में टीवी पर भोजपुरी गाने का वीडियो चलाकर बच्चों के डांस करने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सामने आने के बाद विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और स्मार्ट क्लास के उपयोग पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया गया कि सरकार की ओर से विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और स्मार्ट टीवी की व्यवस्था की गई है। लेकिन यहां पढ़ाई के बजाय भोजपुरी गाने का वीडियो चलने और बच्चों के डांस करने की बात सामने आई है। खासकर परीक्षा के दौरान इस तरह की गतिविधि होने से विद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
मामले को लेकर जब पत्रकार ने विद्यालय के प्रधान शिक्षक से जानकारी लेने का प्रयास किया तो उनके जवाब को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया। बातचीत के दौरान प्रधान शिक्षक ने कथित तौर पर कहा कि उन्हें निलंबन से डर नहीं लगता। पत्रकार के सवाल पूछने पर उन्होंने यह भी कहा कि “आप पूछने वाले कौन होते हैं?”
मामले के बाद सवाल उठ रहा है कि परीक्षा के दौरान स्मार्ट क्लास में भोजपुरी गाने का वीडियो किसकी अनुमति से चलाया गया और बच्चों को इस तरह की गतिविधि की इजाजत कैसे मिली। लोगों ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं।
राकेश कुमार चंदन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Sep 23, 2026