ग्रेटर नोएडा में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, 300 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
गौतमबुद्धनगर के सूरजपुर स्थित जनपद दीवानी न्यायालय परिसर में रविवार को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित और रिबन काटकर किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, श्रम, दिव्यांगजन सशक्तिकरण सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। इनके माध्यम से लोगों को योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड और प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों के जरिए विधिक जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया गया।
आयोजित शिविर के माध्यम से करीब 300 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडिशनल सीपी अजय कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत, अपर जिला जज सोमप्रभा मिश्रा सहित न्यायिक एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी बोडाकी और सचिव शोभाराम चंदीला भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।