AI और इमोशनल इंटेलिजेंस से बदलेंगी रोजगार की संभावनाएं, विद्यार्थियों को बताए भविष्य के करियर के नए रास्ते | Kangra Express
बोह स्कूल में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित, दिनेश शर्मा बोले– केवल डिग्री नहीं, तकनीकी कौशल और कम्युनिकेशन स्किल्स भी जरूरी।
धर्मशाला : बदलते तकनीकी दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इमोशनल इंटेलिजेंस (EI) और डिजिटल स्किल्स भविष्य में रोजगार के नए अवसर खोलेंगे। इसी उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोह में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में NEWUS संस्थान धर्मशाला के दिनेश शर्मा और वरिष्ठ फैकल्टी सदस्य प्रतीक धीमान ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, AI, सूचना प्रौद्योगिकी और भविष्य में उभरते रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
दिनेश शर्मा ने कहा कि आज के समय में केवल शैक्षणिक डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को डिजिटल स्किल्स, कम्युनिकेशन, क्रिएटिव थिंकिंग, प्रॉब्लम सॉल्विंग और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में AI के साथ इमोशनल इंटेलिजेंस की भी अहम भूमिका रहेगी, क्योंकि मानवीय संवेदनाएं, रचनात्मकता और सही निर्णय लेने की क्षमता का महत्व हमेशा बना रहेगा।
वहीं, प्रतीक धीमान ने विद्यार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, उद्योग और सॉफ्टवेयर क्षेत्र में AI के बढ़ते उपयोग और इससे पैदा होने वाले रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से बताया।
पर्यटन के विद्यार्थियों को भी मिले करियर के नए विकल्प
कार्यक्रम में पर्यटन विषय के विद्यार्थियों को IT in Tourism, डिजिटल टूरिज्म, ऑनलाइन होटल बुकिंग, डिजिटल मार्केटिंग, ईको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से अवगत करवाया गया। दिनेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल जैसे पर्यटन प्रधान राज्य में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान कर सकता है।
इसके साथ ही उन्होंने 10+2 के विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं पर विशेष ध्यान देने, नियमित पढ़ाई करने और समय प्रबंधन के साथ तैयारी करने की सलाह दी।
दिनेश शर्मा ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही दिशा और आधुनिक तकनीक का ज्ञान देने की है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नई तकनीक सीखने, अपनी प्रतिभा पहचानने और भविष्य की चुनौतियों के लिए अभी से तैयार रहने के लिए प्रेरित किया गया।
📍 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोह | Kangra Express News
Kangra, Kangra | Nov 4, 2026