निर्माण कार्यों में खराब गुणवत्ता मिलने पर जिलाधिकारी सख्त, कार्यदायी संस्था के अभियंता को लगाई फटकार, जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की दी चेतावनी*
शाहजहांपुर -जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नगर निगम क्षेत्र के मोहल्ला एमएनजे जलालनगर में सीसी रोड निर्माण तथा इमली चौराहा से कचहरी तक बिटुमिनस सड़क निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एमएनजे जलालनगर में सीसी रोड निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने मुख्य अधिशासी अभियंता, नगर निगम को निर्देश दिए कि सड़क की लंबाई, चौड़ाई, स्ट्रेंथ एवं फिटनेस की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। खराब गुणवत्ता पर कार्यदायी संस्था के अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि जांच में अनियमितता एवं लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
इमली चौराहा से कचहरी तक बिटुमिनस सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अभियंता को सड़क के दोनों ओर फुटपाथ ऊंचा कराने के निर्देश दिए, जिससे सड़क के किनारों को क्षति से बचाया जा सके। उन्होंने कचहरी तिराहे से ओवरब्रिज तक बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को देखते हुए नाली निर्माण का प्रस्ताव तैयार कराने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यों में लापरवाही अथवा घटिया सामग्री का प्रयोग पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।