छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी ने की विस्तृत समीक्षा, सभी छठ घाटों पर स्वच्छता, रोशनी, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, लाइटिंग, सीसीटीवी एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सीतामढ़ी।
आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने अपने कार्यालय कक्ष से जूम (Zoom) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं नगर निकायों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में छठ पूजा की तैयारियों, छठ घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के मद्देनजर अपने-अपने क्षेत्र के सभी छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराएं। घाटों की समुचित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, जलकुंभी एवं अन्य गंदगी की सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, आवश्यकतानुसार चेंजिंग रूम, शौचालय एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले छठ घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए घाटों पर आवश्यक बैरिकेडिंग, सुरक्षित आवागमन एवं भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था की जाए। जल की गहराई एवं खतरनाक स्थलों को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षा संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि छठ घाटों तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार यातायात मार्गों में बदलाव एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं नगर निकायों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पूजा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण होनी चाहिए, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों की स्थिति का नियमित अनुश्रवण करने एवं आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि जिले में लोक आस्था का यह महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
Sitamarhi, Bihar | Nov 7, 2026