हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रामपुर पतहा मोड़ के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय सर्वेश पासवान की मौके पर ही मौत हो गई। फतेहपुर सामान लेने जा रहे सर्वेश की बाइक (UP-71 R-7932) की सामने से आ रहे कंटेनर (BR-01 GL-4054) से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
गनेशपुर निवासी सर्वेश पासवान (पुत्र हजारी प्रसाद) कुछ समय पहले तक दिल्ली में बाइक मैकेनिक थे और हाल ही में मवई में गैरेज खोलकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
मृतक अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। पीछे पत्नी गुड़िया देवी, आठ वर्षीय पुत्र केशन, छह वर्षीय पुत्री शेजल और मां सदनी देवी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। इसके चलते जेडी इंटर कॉलेज हुसैनगंज, आकाश इंटर कॉलेज हुसैनगंज और एसएस इंटर कॉलेज मुस्तफापुर की करीब दस स्कूली बसें लगभग एक घंटे तक फंसी रहीं, जिससे बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी हुई।
सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को थाने लाकर कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।