करौली जिला मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं में अव्वल, राज्य स्तर पर हुआ सम्मानित
जयपुर,,
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में करौली जिले ने मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और उत्कृष्ट गतिविधियों के लिए राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। 'मानसिक स्वास्थ्य माह' (10 सितंबर से 10 अक्टूबर) के दौरान आमजन को जागरूक करने के लिए जिला टीम को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सतीश चंद मीना ने बताया कि समाज में बढ़ते मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता और आत्महत्या की प्रवृत्तियों पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार के निर्देशों पर 'राज ममता मन दर्पण' कार्यक्रम चलाया गया था। इस अभियान के तहत करौली जिले के चिकित्सा संस्थानों, स्कूलों और कॉलेजों में वर्कशॉप, लेक्चर, पेंटिंग, डिबेट, ओपन माइक, सामूहिक शपथ और सोशल मीडिया कैंपेन आयोजित कर लोगों को जागरूक किया गया।
जिला नोडल अधिकारी, मानसिक स्वास्थ्य डॉ. प्रेमराज मीना ने जानकारी दी कि मिशन निदेशक एनएचएम जोगाराम की गरिमामयी उपस्थिति में करौली की टीम को यह प्रथम पुरस्कार सौंपा गया। सम्मानित होने वाली टीम में प्रिंसिपल डॉ. आर. सी. मीना, सीएमएचओ डॉ. सतीश मीना, डीएनओ डॉ. प्रेमराज मीना, साइकेट्रिक नर्स गौरव गोयल और सीआरए गौरव शर्मा शामिल रहे।
इस भव्य कार्यक्रम में अतिरिक्त मिशन निदेशक टी. शुभमंगला, निदेशक जन स्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, एसएनओ डॉ. एस. एम. स्वामी और प्रसिद्ध मनोचिकित्सक डॉ. शिव गौतम, डॉ. सुशील परमार व डॉ. अनिल अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।