दस्तक अभियान शुरू, 31 अगस्त तक चलेगा अभियान
जिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम से हुआ शुभारंभ
------
श्योपुर जिले में दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान शुरू हो गया है, जिसके तहत स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त टीमे शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को न केवल विटामिन-ए की खुराक पिलाने घर-घर दस्तक देंगी, बल्कि बाल्यकाल की बीमारियों की पहचान कर उनका उपचार प्रबंधन सुनिश्चित करेंगी। यह अभियान 31 अगस्त तक आयोजित होगा।
दस्तक अभियान का औपचारिक शुभारंभ गत दिवस जिला चिकित्सालय श्योपुर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से हुआ। जिसमें अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शशांक भूषण, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसोदिया, सांसद प्रतिनिधि श्री सुजीत गर्ग, सिविल सर्जन डॉ एसएन बिंदल, टीकाकरण अधिकारी डॉ मुकेश मीणा आदि के द्वारा 5 वर्ष से छोटे बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग ने कहा कि शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को स्वस्थ रखने और कुपोषण मुक्त समाज बनाने में दस्तक अभियान की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई ने कहा कि अभियान के तहत बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दी जायेगी, गंभीर एनीमिया, निमोनिया और दस्त रोग से पीड़ित बच्चों की घर-घर जाकर चिन्हित कर उपचार प्रदान किया जायेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शशांक भूषण ने कहा कि अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए घर-घर आने वाली स्वास्थ्य टीमों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा बच्चों को विटामिन-ए की खुराक अवश्य पिलायें।
भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसोदिया ने कहा कि 45 दिन चलने वाले इस अभियान के तहत ओआरएस के पैकेट, जिंक की गोलियां और आवश्यकतानुसार आयरन सिरप का निशुल्क वितरण किया जायेगा। अभियान में सभी का सहयोग आवश्यक है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
11 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Jul 15, 2026