कोटा के होलसेल बाजारों में फिर सक्रिय हुई जेबकतरा और ठग गैंग, व्यापारियों में आक्रोश
कोटा। शहर के होलसेल बाजारों में जेबकतरी और ठगी की घटनाएं फिर बढ़ने लगी हैं। व्यापारियों का आरोप है कि कई मामलों में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद महीनों बीत जाने पर भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
होलसेल व्यापार महासंघ हाड़ौती संभाग अध्यक्ष पंकज बागड़ी के अनुसार, सारथल से आए व्यापारी राम भरोस को ऑटो में सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने बहाने से बाइक पर बैठाया और रास्ते में उनकी जेब से 50 हजार रुपये पार कर दिए। मामले में कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इसके अलावा व्यापारियों के साथ चोरी और शादी के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की ठगी सहित कई मामले लंबित बताए जा रहे हैं। पंकज बागड़ी ने पुलिस प्रशासन से बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी, व्यापारियों की सुरक्षा और चोरी-ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
Ladpura, Kota | Nov 4, 2026