एफ.एम.डी. टीकाकरण की समीक्षा बैठक, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टर सभाकक्ष में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जिले के समस्त पशुओं के पंजीयन, टीकाकरण एवं उनके फोटोग्राफ्स को भारत पशुधन पोर्टल पर अपलोड करने में आ रही कठिनाइयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पशुपालकों के आधार अपडेट के लिए पशु सखी एवं ग्राम रोजगार सहायक का सहयोग विभागीय अमले के साथ लिया जाए। उन्होंने पशुपालन विभाग के सभी अधिकारियों एवं चिकित्सकों को निर्देशित किया कि एफएमडी टीकाकरण से संबंधित पोर्टल प्रविष्टियां 20 जून तक शत-प्रतिशत पूर्ण की जाएं। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
जिले की प्रगति को गति देने के लिए तकनीकी अधिकारी के रूप में भरत अग्रवाल तथा अनुविभागीय अधिकारियों रामबाबू देवागन, अक्षय डिगरसे एवं ऐश्वर्य वर्मा को विकासखंड बजाग, समनापुर, करंजिया, अमरपुर, डिंडौरी, शहपुरा एवं मेंहदवानी के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निवासरत पशुपालकों और पशुधन की जानकारी भारत पशुधन पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा में अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि समयबद्ध और शत-प्रतिशत डेटा प्रविष्टि से जिले में पशुधन प्रबंधन एवं टीकाकरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
बैठक में एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, एसडीएम बजाग श्री अक्षय डिगरसे, पशुपालन अधिकारी श्री अभिनव शुक्ला, श्री भरत अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
#anjupavanbhadoriya #डिंडौरी #JansamparkMP
77 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 18, 2026