ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बाहर किसान संगठनों का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। आरोप है कि बैंक में 100 करोड़ रुपये से अधिक का गबन हुआ है, जिसके बाद खाताधारकों में भारी नाराजगी है। किसान संगठन धरने पर बैठ गए हैं और मामले में शामिल बैंक कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पहले बैंक खातों से पैसे गायब होने का मामला सामने आया और अब बैंक के लॉकर से सोने-चांदी के गहने गायब होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इस पूरे मामले को लेकर किसानों और खाताधारकों में भारी आक्रोश है।
प्रदर्शन को देखते हुए बैंक के आसपास पीएसी फोर्स की तैनाती कर दी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। किसान संगठन मांग कर रहे हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और खाताधारकों की जमा पूंजी व कीमती सामान वापस दिलाया जाए।