सोलन में स्कूली बच्चों से भरी गाड़ी पिछले कल हुई थी हादसे का शिकार, फिटनेस खत्म होने के बावजूद सड़कों पर दौड़ रही थी गाड़ी!
चंबाघाट के पास सड़क किनारे खड़ी गाड़ी से टकराई बच्चों से भरी मैक्सी कैब, एक राहगीर को भी आई चोटें
सोलन। सोलन में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर सवाल खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार पिछले कल सलोगड़ा की ओर से सोलन जा रही स्कूली बच्चों से भरी एक मैक्सी कैब चंबाघाट के पास सड़क किनारे खड़ी गाड़ी से टकरा गई। हादसे में एक राहगीर को भी चोटें आईं।
इस घटना के बाद संबंधित वाहन के दस्तावेजों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सामने आए वाहन रिकॉर्ड के अनुसार, HP01A4456 नंबर की इस मैक्सी कैब की फिटनेस वैधता 10 नवंबर 2025 को समाप्त हो चुकी है। वहीं, वाहन का टैक्स 31 दिसंबर 2024 और प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUCC) 10 सितंबर 2025 तक ही वैध दर्शाया गया है। वाहन का परमिट 4 अप्रैल 2026 तक वैध दिखाया गया है, जबकि बीमा 29 सितंबर 2027 तक वैध है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब वाहन की फिटनेस अवधि समाप्त हो चुकी थी, तो उसमें स्कूली बच्चों को बैठाकर सड़क पर कैसे चलाया जा रहा था? क्या संबंधित विभाग की ओर से इस वाहन की जांच की गई थी? क्या बच्चों को ले जाने वाले वाहनों के दस्तावेजों की नियमित जांच नहीं होती?
अब प्रशासन से ये सवाल:
- बिना वैध फिटनेस के बच्चों को लेकर चल रही गाड़ी पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
- क्या परिवहन विभाग ने इस वाहन की जांच की थी?
- क्या स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालक की जिम्मेदारी तय होगी?
- बच्चों की सुरक्षा के साथ इस तरह की लापरवाही पर कौन जवाबदेह होगा?
मामले में परिवहन विभाग (RTO सोलन), पुलिस प्रशासन और संबंधित शिक्षा विभाग को संज्ञान लेकर दुर्घटना की जांच करनी चाहिए। यदि बिना वैध फिटनेस के वाहन चलाने की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार वाहन संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
आखिर बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ कब तक? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन जागेगा?
Solan, Solan | Nov 18, 2026