राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान–2026 : झाबुआ जिले में पहले दो दिनों में 80.24 प्रतिशत उपलब्धि
1.71 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दो बूंद
भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में संचालित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान–2026 का प्रभावी एवं सफल संचालन किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से अभियान के पहले दो दिनों में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करते हुए कुल लक्ष्य 2,13,504 बच्चों के विरुद्ध 1,71,322 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई है, जो कि 80.24 प्रतिशत उपलब्धि है।
अभियान के प्रथम दिवस पर जिले के सभी विकासखंडों में स्थापित बूथों, ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों के माध्यम से कुल 1,04,429 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई गई। वहीं, अभियान के दूसरे दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की घर-घर भ्रमण (हाउस-टू-हाउस) टीमों द्वारा 66,893 बच्चों तक पहुंचकर उन्हें पोलियो की दो बूंद पिलाकर प्रतिरक्षित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतिम चरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के उद्देश्य से सभी मैदानी अमले को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। प्रवासी परिवारों, ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों, दूरस्थ एवं दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों सहित अन्य उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन हेतु जिला स्तर पर सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में जिला स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न विकासखंडों का निरंतर भ्रमण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। इस दौरान डीएचओ-1 डॉ. एन.के. पढ़ान, डीएचओ-2 डॉ. देवेन्द्र भायल, डीएचओ-3 डॉ. हेमंत देवड़ा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री राजाराम खन्ना एवं जिला सामुदायिक प्रबंधक श्री मुकेश यादव ने मैदानी स्तर पर पहुंचकर टीमों के कार्यों का निरीक्षण किया तथा छूटे हुए बच्चों को चिन्हित कर उन्हें मौके पर ही पोलियो रोधी दवा की खुराक दिलाना सुनिश्चित कराया।
ब्लॉक स्तर पर भी समस्त ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ), ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम), ब्लॉक कम्युनिटी मैनेजर (बीसीएम) एवं ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर (बीईई) द्वारा दोनों दिवसों में सतत मॉनिटरिंग एवं पर्यवेक्षण किया गया। अधिकारियों ने मैदानी टीमों का मार्गदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि यदि उनके 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा अभी तक पोलियो की खुराक से वंचित रह गया हो, तो घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करते हुए अपने बच्चे को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक दिलाना ही पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #jhabua #JansamparkMP
2 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Jun 29, 2026