महिला आयोग अध्यक्ष विद्या नेगी की महिलाओं और युवतियों से अपील, अनजान लोगों से फालतू चैट और वीडियो कॉल से बचें
बोलीं- अपनी ताकत खुद बनें, किसी के हाथों की कमजोरी नहीं; गलत होने पर हार न मानें, अपने हक के लिए लड़ें
हिमाचल प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने प्रदेश की सभी महिलाओं, बहनों और युवतियों से सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महिलाएं और युवतियां अनजान लोगों के साथ बेवजह चैटिंग और वीडियो कॉल करने से बचें और सामने वाले व्यक्ति को भी ऐसा करने से रोकें।
विद्या नेगी ने कहा कि वर्तमान समय में इस तरह के कई मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से अपने भविष्य और परिवार पर ध्यान केंद्रित करने तथा सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करने का आग्रह किया।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, "अपनी ताकत खुद बनें, न कि किसी के हाथों की कमजोरी।" उन्होंने महिलाओं को हिम्मत रखने और किसी भी तरह की गलत परिस्थिति का सामना होने पर चुप न रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी के साथ कुछ गलत होता है तो उसे हार मानने के बजाय अपने हक और न्याय के लिए लड़ना चाहिए।
विद्या नेगी ने कहा कि जीवन में एक बार गलती हो सकती है, लेकिन एक ही गलती को बार-बार दोहराने से बचना चाहिए। उन्होंने सभी महिलाओं और युवतियों से उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और अपने आत्मसम्मान व भविष्य को प्राथमिकता देने की अपील की।
Kullu, Kullu | Nov 10, 2026