संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा के तहत हुआ यह आयोजन
सांसद श्री कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण हुए कार्यक्रम में शामिल
समरसता यात्रा के लिए दो रथ रवाना
संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा के तहत गुरुवार को बाल भवन ग्वालियर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर संत रविदास जी के समरसता, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के विचारों और उनके द्वारा दिए गए सामाजिक समरसता एवं मानव कल्याण के संदेश को स्मरण करते हुए समाज में आपसी भाईचारा, समानता और सद्भाव को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान समरसता यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नगरीय निकाय क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समरसता का संदेश पहुंचाने के लिए दो रथ रवाना किए गए। ये रथ जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं क्षेत्रों में पहुंचकर संत रविदास जी के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से आमजन को जोड़ेंगे। समरसता यात्रा के माध्यम से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को सामाजिक सद्भाव और समानता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक श्री मोहन सिंह राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव,एपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेन्द्र सिंह यादव, कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष श्री केशव सिंह बघेल, महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष श्री कौशल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण श्री प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय आयोजन के अवसर पर सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी के विचार आज भी सामाजिक समानता, भाईचारे और मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि संत रविदास जी महाराज का जीवन समाज में बिना किसी भेदभाव के समानता और भाईचारे की भावना स्थापित करने की प्रेरणा देता है। उनके संदेश को आत्मसात कर समरस एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाना आवश्यक है।
श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत जिले में सामाजिक समरसता और सद्भाव को बढ़ावा देने की दिशा में समरसता यात्रा के रथ अब विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर संत रविदास जी के संदेश को आगे बढ़ाएंगे और नागरिकों को सामाजिक एकता एवं भाईचारे का संकल्प दिलाएंगे।
#gwalior
PRO Gwalior
CM Madhya Pradesh
28 views | Gwalior, Madhya Pradesh | Aug 20, 2026