राजगढ़ में स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता का संदेश
स्वच्छ राजगढ़ और स्वस्थ समाज के संकल्प के साथ राजगढ़ में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के विद्यार्थियों ने शहर में रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। रैली को नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम सिंह जैलदार और महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनू भास्कर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नगर पंचायत कार्यालय से शुरू हुई रैली शहर के मुख्य बाजार और मार्गों से होकर गुजरी। विद्यार्थियों ने लोगों से कूड़ा इधर-उधर न फेंकने, सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की।
नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम सिंह जैलदार ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। वहीं, प्राचार्य डॉ. मीनू भास्कर ने कहा कि विद्यार्थी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं और स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने की जरूरत है।
स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत आयोजित इस रैली का संदेश साफ था—स्वच्छ शहर केवल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से बनेगा। विद्यार्थियों ने लोगों से स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की आदत बनाने की अपील की।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।