🚨कोटद्वार में असम राइफल्स का पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कार्यक्रम, समस्याओं का किया निस्तारण
कोटद्वार। असम राइफल्स ने बुधवार को उत्तराखंड के कोटद्वार में पूर्व सैनिकों (ESM) और उनके परिजनों (NOK) के लिए विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। मुख्यालय महानिदेशालय असम राइफल्स के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान करने के साथ उनके कल्याण एवं सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता जताना रहा।
कार्यक्रम में असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा (AVSM, SM) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, असम राइफल्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती विभा लखेरा भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में उत्तराखंड सहित आसपास के क्षेत्रों से आए पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों, विधवाओं और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान महानिदेशक ने देश की सुरक्षा में पूर्व सैनिकों की सेवाओं और बलिदानों को नमन करते हुए कहा कि असम राइफल्स अपने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता का उपयोग समाज के विकास और राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।