#भरतपुर। भारत विकास परिषद् शाखा द्वारा सेवा पखवाड़ा सप्ताह के पहले दिन 27 जून को परिषद् के संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश की जन्म जयंती पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शाखा अध्यक्ष मुनीष अग्रवाल और वरिष्ठ सदस्यों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इस मौके पर सेवा संयोजक विनोद मंगल ने डॉ. सूरज प्रकाश की जीवनी पर प्रकाश डाला, वहीं क्षेत्रीय संयोजक उमेश सिंघल ने बताया कि देश भर में परिषद् की करीब 1700 शाखाएं संस्कार, सेवा, सहयोग, संपर्क और समर्पण के पांच सूत्रों पर काम कर रही हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय निर्देशानुसार नशा मुक्ति अभियान के तहत एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें सभी सदस्यों ने स्वयं नशा न करने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सचिव रवि जिंदल ने सभी का आभार जताया।