बिलासपुर में दो वोल्वो बसों से 158 ग्राम चिट्टा बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
तरनतारन पंजाब के रहने वाले हैं सभी आरोपी, सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
बिलासपुर
जिला बिलासपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 158 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों कार्रवाइयां विशेष जांच दल (एसडीटी) ने नाकाबंदी के दौरान कीं। एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है।
पहला मामला पुलिस थाना घुमारवीं क्षेत्र का है। एसडीटी ने बालोह-मल्यावर लिंक रोड के पास नाकाबंदी के दौरान एक वोल्वो बस की चेकिंग की। तलाशी के दौरान बस में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 104 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस थाना घुमारवीं में एफआईआर नंबर 172/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणजीत सिंह उर्फ राणा (40) निवासी सरियाल चुंगी, पट्टी, जिला तरनतारन और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श (22) निवासी कोट धर्मचंद कलां, जिला तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है।
दूसरी कार्रवाई पुलिस थाना स्वारघाट क्षेत्र में कैचीमोड़ फोरलेन फ्लाईओवर, टनल नंबर-1 के पास की गई। किरतपुर से मंडी-भराड़ी की ओर जा रही वोल्वो बस को रोककर जांच की गई। इस दौरान दो यात्रियों के कब्जे से 54 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने एफआईआर नंबर 63/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगजीत सिंह (21) और सुखविंद्र सिंह (48), दोनों निवासी डल्ल, जिला तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ जारी है। नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक पिछले दो महीनों में जिले में एनडीपीएस एक्ट के 67 मामले दर्ज कर 146 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करीब 1.2 किलोग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। वहीं, वर्ष के पहले छह महीनों में करीब 300 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। पुलिस ने अन्य राज्यों से जुड़े 15 प्रमुख सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया है। एसपी अभिषेक धीमान ने कहा कि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।