रक्षाबंधन पर डीसी राहुल कुमार ने वृद्धाश्रम ‘अपना घर’ देओली में वरिष्ठ नागरिकों के साथ बांटी खुशियां
वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर, उनकी देखभाल एवं सम्मान हम सभी की जिम्मेदारी : उपायुक्त
बिलासपुर, 28 अगस्त, 2026। रक्षाबंधन के अवसर पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, आईएएस ने अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर, आईएएस के साथ वृद्धाश्रम ‘अपना घर’, देओली का दौरा किया और वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
वृद्धाश्रम में वर्तमान में 27 वरिष्ठ नागरिक रह रहे हैं। इसका संचालन मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर उपायुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त ने वरिष्ठ नागरिकों की कलाइयों पर राखियां बांधीं तथा उन्हें मिठाई और उपहार भेंट किए। वरिष्ठ नागरिकों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उपायुक्त ने उनके स्वास्थ्य, कुशलक्षेम और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
उपायुक्त ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, देखभाल, अपनत्व और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें सम्मान, सुरक्षा एवं अपनत्व मिलना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपने माता-पिता एवं बुजुर्गों के साथ समय बिताने तथा उनकी आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें सम्मान और सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने वृद्धाश्रम में उपलब्ध आवास, भोजन, स्वास्थ्य देखभाल, मनोरंजन सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया और मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को इंडोर स्पोर्ट्स किट एवं अन्य उपयोगी सामग्री भी वितरित की गई।
विभिन्न आयोजनों में वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जल तरंग, जोश महोत्सव एवं अन्य जिला स्तरीय आयोजनों में वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिकों को उनकी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में भाग लेने के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन वरिष्ठ नागरिकों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनमें सक्रियता और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए घोषित 500 रूपये प्रति निवासी त्योहार भत्ता भी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से पात्र निवासियों को उपलब्ध करवाया जा रहा है।
आजीविका प्रशिक्षण से सक्रियता को बढ़ावा
उपायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सक्रिय एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अंतरपीढ़ी जुड़ाव कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियां तथा आजीविका प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं। इनमें कागज एवं जूट के बैग, मोमबत्तियां, साबुन और राखियां बनाने का प्रशिक्षण शामिल है। इन गतिविधियों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को रचनात्मक कार्यों से जोड़ना और उनकी क्षमता के अनुरूप आय अर्जित करने के अवसर उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने बताया कि मानव सेवा ट्रस्ट को वृद्धाश्रम के संचालन के लिए विभाग की ओर से अनुदान प्रदान किया जा रहा है। साथ ही, सीएसआर के माध्यम से खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी से संबंधित आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाकर वृद्धाश्रम की सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि त्योहारों के अवसर पर वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताएं और अपनी क्षमता के अनुसार उनके साथ खुशियां साझा करें। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक है, जब हमारी खुशियों में वे लोग भी शामिल हों जिन्हें स्नेह, साथ और अपनत्व की सबसे अधिक आवश्यकता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर, जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र कुमार, सचिव रेडक्रॉस सोसायटी अमित कुमार, मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं संस्थापक प्रकाश बंसल सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहा।