बड़ी खबर: केदारनाथ में पंडा समाज के खिलाफ यात्रियों का फूटा गुस्सा, जमकर नारेबाजी!! धर्म के नाम पर कथित वसूली का आरोप, व्यवस्थाओं पर भी उठाए सवाल, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल!!
केदारनाथ। बाबा केदार के दरबार में देशभर से आस्था लेकर पहुंच रहे तीर्थ यात्रियों के बीच उस समय आक्रोश देखने को मिला, जब कुछ यात्रियों ने पंडा समाज की कथित कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यात्रियों के आक्रोश और नारेबाजी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ तीर्थ यात्री कथित तौर पर पूजा-पाठ और दर्शन के नाम पर धनराशि मांगे जाने को लेकर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं। यात्रियों ने आरोप लगाया कि भगवान के दरबार में दर्शन और धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर कथित तौर पर मनमानी वसूली की जा रही है।
यात्रियों का कहना है कि हजारों किलोमीटर की यात्रा कर श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में धार्मिक आस्था के नाम पर आर्थिक दबाव बनाया जाना उचित नहीं है।
आक्रोशित यात्रियों ने मौके पर जमकर नारे लगाए और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि पूजा-अर्चना से जुड़ी निर्धारित व्यवस्थाओं और शुल्क को लेकर पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। तीर्थ यात्रियों के इन आरोपों ने केदारनाथ धाम में पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठानों और श्रद्धालुओं से जुड़े शुल्क एवं व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पंडा समाज की ओर से इस पूरे मामले पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में आरोपों की वास्तविकता संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आने और प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।