#भरतपुर। निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की प्रक्रिया तेज़ कर दी गई है। इसी क्रम में बयाना कस्बे में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल बसवाल, क्षेत्राधिकारी देवेंद्र जाखड़ और थानाधिकारी रामगिलास गुर्जर की अगुवाई में पुलिस बल ने मुख्य मार्गों व संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान करने का भरोसा दिया, साथ ही चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने या मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।