#आचार_संहिता_की_उड़ी_धज्जियां..
भरतपुर। शहर में नगर निगम चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है, लेकिन धरातल पर प्रत्याशी नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं। ताजा मामला वार्ड नंबर 62, मुखर्जी नगर का है, जहां पार्षद पद के एक प्रत्याशी द्वारा प्रशासनिक निर्देशों को दरकिनार करते हुए बीती रात सार्वजनिक संपत्तियों पर धड़ल्ले से पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं। क्षेत्र के स्थानीय मंदिर, सार्वजनिक पार्क और बिजली के खंभों पर चुनावी सामग्री चिपकाकर प्रचार किया जा रहा है, जो आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए जाने से स्थानीय निवासियों सहित अन्य उम्मीदवारों में भी रोष है। नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक जगहों की दीवारों पर पोस्टरबाजी से क्षेत्र का सौंदर्य भी खराब हो रहा है। ऐसे में निर्वाचन विभाग और स्थानीय नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि चुनाव अधिकारी इस मामले पर संज्ञान लेकर संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं और इन अवैध पोस्टरों को कब तक हटवाया जाता है।