पंचायत समिति सदस्य चुनाव के नामांकन का शुक्रवार अंतिम दिन, SDM ने केंद्र का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
हिण्डौन उपखंड कार्यालय पर पंचायत समिति सदस्य पद के प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल करने का दौर जारी है। शुक्रवार को नामांकन का अंतिम दिन होने के चलते नामांकन केंद्र पर प्रत्याशियों और समर्थकों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए उपखंड अधिकारी (SDM) ने नामांकन स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान SDM ने नामांकन प्रक्रिया कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था, हेल्प डेस्क और वीडियोग्राफी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद निर्वाचन कर्मियों व अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए। साथ ही अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच निर्धारित नियमों के तहत समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
अंतिम दिन व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपखंड कार्यालय परिसर में पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात रखने और अनावश्यक भीड़ को परिसर से बाहर रोकने के भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।