*प्रतापगढ़ न्यूज...*
⚡☔⛈️ तेज आंधी-तूफान से बिजली व्यवस्था चरमराई, आपूर्ति बहाल करने में जुटा विभाग*
बुधवार दोपहर बाद अचानक आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। प्रयागराज-अयोध्या हाईवे के किनारे बसे बहलोलपुर, सराय सागर, कोहणा, भुपियामऊ, कमईपुर आदि गांवों में तूफान ने जमकर तबाही मचाई।
तेज हवाओं के चलते 11 हजार केवी बिजली लाइन के तार कई स्थानों पर टूटकर गिर गए, जबकि कई जगह बिजली के खंभे भी धराशायी हो गए। इससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। हाईवे और संपर्क मार्गों पर पेड़ तथा बिजली के तार गिरने से आवागमन भी प्रभावित रहा।
भुपियामऊ चौराहे के आगे एक बड़ा पेड़ गिर जाने से अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। अचानक आए तूफान और बारिश से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बचाव के लिए दुकानों, पेट्रोल पंपों और सुरक्षित स्थानों का सहारा लिया। दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशान नजर आए।
आंधी के कारण कई मकानों की टीन शेड उड़ गईं, वहीं खेतों में खड़ी उड़द और मूंग की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। बिजली आपूर्ति ठप होने से घरों में पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई। इन्वर्टर जवाब देने लगे और गर्मी-उमस के बीच लोगों की परेशानी बढ़ गई।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कटरा मेदनीगंज के जेई ने बताया कि कई स्थानों पर 11 हजार केवी लाइन के तार और पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। विभाग की टीमें युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हैं और देर रात तक अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल बारिश थमने के बाद स्थिति सामान्य होने लगी है, लेकिन बिजली आपूर्ति बहाल न होने से लोगों की समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं।