सुभाष प्रिंस, प्रदीप सरयाल और सावन जरयाल के गीतों पर झूमे सराहन के लोग
रामलीला क्लब युवक मंडल सराहन की सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोकगीतों की धूम, जिला परिषद सदस्य राज सिंह ठाकुर ने भेंट किए 11 हजार रुपये
साहो, चंबा | 22 अक्टूबर 2026
चंबा। जिला चंबा की ग्राम पंचायत सराहन में रामलीला क्लब युवक मंडल सराहन की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोकगीतों और संगीत की खूब धूम रही। चंबा के नामी कलाकारों सुभाष प्रिंस, प्रदीप सरयाल और सावन जरयाल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद उठाया।
रामलीला क्लब युवक मंडल सराहन वर्ष 1993 से लगातार रामलीला का मंचन करता आ रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी क्लब की ओर से दस दिनों तक रामलीला का मंचन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इसके समापन के अगले दिन बुधवार, 21 अक्टूबर को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।
प्रभु श्रीराम की आरती से हुआ कार्यक्रम का आगाज
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत क्लब के सदस्यों ने प्रभु श्रीराम की आरती के साथ की। इसके बाद चंबा के युवा कलाकार मास्टर मनन ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने पहाड़ी और पंजाबी गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके बाद गायिका मिस पूजा ने अपनी गायिकी से समां बांधा।
साल घाटी से संबंध रखने वाले युवा कलाकार प्रदीप सरयाल ने पंजाबी, हिंदी और पहाड़ी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने खूब उत्साह दिखाया।
सावन जरयाल ने पिता शेर सिंह की यादें कीं ताजा
कार्यक्रम का भावुक पल उस समय आया, जब स्वर्गीय लोक गायक शेर सिंह जरयाल के सुपुत्र सावन जरयाल ने मंच संभाला। उन्होंने अपने पिता के गाए गीतों को प्रस्तुत कर लोगों की पुरानी यादें ताजा कर दीं।
उनकी प्रस्तुति के दौरान माहौल भावुक हो गया। विशेष रूप से जब उन्होंने अपने पिता की याद में गीत “तेरे जेहा गायक नि होणा ओ, शेर सिंह जरयाला हो” प्रस्तुत किया, तो पंडाल में मौजूद कई दर्शकों की आंखें नम हो गईं। इस प्रस्तुति ने दर्शकों के दिलों को छू लिया और दिवंगत लोक गायक की संगीत विरासत को याद किया गया।
सुभाष प्रिंस के गीतों पर देर तक झूमे दर्शक
इसके बाद मंच पर पहुंचे ‘वॉइस ऑफ शिमला’ फेम गायक सुभाष प्रिंस ने श्रीराम भजन से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक पंजाबी, हिंदी और पहाड़ी गीत प्रस्तुत किए। उनकी गायिकी पर दर्शक खूब झूमे और सांस्कृतिक संध्या का माहौल देर तक संगीतमय बना रहा।
राज सिंह ठाकुर ने भेंट किए 11 हजार रुपये
कार्यक्रम में करियां वार्ड के जिला परिषद सदस्य राज सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। रामलीला क्लब के सदस्यों ने उन्हें हिमाचली टोपी, पटका और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज सिंह ठाकुर ने अपनी निजी कमाई से रामलीला क्लब को 11 हजार रुपये की राशि भेंट की। साथ ही क्लब की मांग पर अगले वर्ष रामलीला शुरू होने से पहले क्लब को अपना साउंड सिस्टम खरीदकर देने की घोषणा भी की।
उन्होंने रामलीला के सफल आयोजन के लिए क्लब के सभी सदस्यों को बधाई दी और सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सराहन के लोगों के साथ उनका गहरा नाता रहा है और वह यहां के लोगों को हमेशा अपने परिवार की तरह मानते हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम के चरित्र से प्रेरणा लेकर जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने का संदेश भी दिया।
क्लब के सदस्यों सहित सैकड़ों लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर रामलीला क्लब युवक मंडल सराहन के अध्यक्ष राज कुमार, उपाध्यक्ष अजय कुमार, सचिव विनोद, कोषाध्यक्ष मनेश कुमार सहित क्लब के सदस्य विजय, सुनील, राजेश, कनु, बबलू, सुभाष और अन्य सदस्य मौजूद रहे। सांस्कृतिक संध्या में सैकड़ों स्थानीय लोगों ने उपस्थिति दर्ज करवाई।
रामलीला क्लब युवक मंडल सराहन का यह आयोजन धार्मिक परंपरा, लोक संस्कृति और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
Tribal Live News सच के साथ, निडर, निष्पक्ष, बेखौफ।
Chamba, Chamba | Oct 22, 2026