होली में करंट लगने से युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की मौत, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों के दौरान हुआ हादसा, शोक में डूबा क्षेत्र; दौरे के सभी कार्यक्रम स्थगित
होली/चंबा | TRIBAL LIVE NEWS
होली क्षेत्र में युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से मौत हो गई। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। आज उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें भारी संख्या में लोगों ने शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रमणि कुलेठी मुख्यमंत्री के होली क्षेत्र के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी दौरान बीती रात वह बिजली के तार की चपेट में आ गए, जिससे करंट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री का आज होली क्षेत्र का दौरा प्रस्तावित था। इस दौरान करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने थे। हालांकि, चंद्रमणि कुलेठी के असामयिक निधन के बाद मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए।
एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने जताया शोक
घटना पर एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। ललित ठाकुर ने बताया कि इस दुखद घटना के चलते मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
चंद्रमणि कुलेठी के निधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्रवासियों में शोक है। उनकी अंतिम यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
TRIBAL LIVE NEWS परिवार दिवंगत चंद्रमणि कुलेठी को श्रद्धांजलि अर्पित करता है और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
बाइट: ललित ठाकुर, अध्यक्ष, एपीएमसी
#TribalLiveNews #होली #चंद्रमणिकुलेठी #चंबा #हिमाचलप्रदेश #श्रद्धांजलि
Chamba, Chamba | Oct 22, 2026