*पीएम सूर्य घर एवं निःशुल्क रूफटॉप सोलर योजना से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, बिजली बिल में होगी उल्लेखनीय बचत*
केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजनाएँ जिले के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना तथा कुटीर ज्योति (बीपीएल) उपभोक्ताओं के लिए निःशुल्क रूफटॉप सोलर योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सस्ती एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत सुनिश्चित की जा रही है।
जिलाधिकारी रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा ने योजना की समीक्षा करते हुए उद्योग विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बियाडा क्षेत्र सहित जिले के सभी उद्यमियों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के अंतर्गत मिलने वाली 125 यूनिट निःशुल्क बिजली के अतिरिक्त सोलर पैनल से उत्पादित बिजली भी उपभोक्ता की खपत में समायोजित कर दी जाती है। इससे सोलर पैनल स्थापित करने वाले अनेक उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य अथवा अत्यंत कम हो गया है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 1 किलोवाट, 2 किलोवाट एवं 3 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर क्रमशः ₹30,000, ₹60,000 एवं ₹78,000 तक की केंद्रीय सब्सिडी उपलब्ध है। साथ ही, बैंकों के माध्यम से कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। एक किलोवाट सोलर पैनल से लगभग 150 यूनिट, दो किलोवाट से 300 यूनिट तथा तीन किलोवाट से इससे अधिक बिजली का मासिक उत्पादन किया जा सकता है। अतिरिक्त उत्पादित बिजली को ग्रिड में भेजकर उसका समायोजन बिजली बिल में किया जाता है। सोलर पैनल स्थापना के लिए प्रति किलोवाट लगभग 100 वर्गफुट छत की आवश्यकता होती है तथा उचित रखरखाव के साथ इसकी उपयोगिता लगभग 25 वर्षों तक रहती है।
इसके अतिरिक्त, कुटीर ज्योति (बीपीएल) बिजली उपभोक्ताओं के लिए निःशुल्क रूफटॉप सोलर योजना भी संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों की छत पर 1.1 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल बिना किसी शुल्क के स्थापित किया जाएगा। योजना के क्रियान्वयन हेतु जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड का चयन किया जा चुका है तथा प्रथम चरण में जिले के प्रत्येक प्रखंड की पाँच-पाँच पंचायतों को शामिल किया गया है।
रोहतास जिले में प्रथम चरण के अंतर्गत लगभग 7,097 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के अनुरूप पात्र उपभोक्ताओं द्वारा आवेदन भी प्राप्त किए जा चुके हैं। सोलर पैनल स्थापित होने के बाद इन परिवारों की ग्रिड बिजली पर निर्भरता कम होगी, जिससे उनका मासिक बिजली व्यय शून्य अथवा नगण्य हो जाएगा।
विद्युत विभाग ने सभी पात्र विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी पात्रता के अनुसार प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने हेतु समय पर आवेदन करें तथा सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सब्सिडी एवं अन्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
#iprd
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
1 views | Patna, Bihar | Jun 26, 2026