राष्ट्रीय भारत बौद्धिक परीक्षा 2.0 में 227 प्रशिक्षुओं ने दिखाई प्रतिभा
- भारतीय संस्कृति, वैदिक ज्ञान और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा परीक्षा का उद्देश्य
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड एवं एमएड डिग्री कॉलेज नोगली (बालना) में भारतीय उच्च शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में राष्ट्रीय भारत बौद्धिक परीक्षा 2.0 का आयोजन किया गया। परीक्षा में संस्थान के 227 प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
परीक्षा का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं को भारतीय संस्कृति, वैदिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना से परिचित करवाने के साथ देश की समृद्ध सभ्यता एवं गौरवशाली परंपराओं के प्रति जागरूक करना रहा। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान संस्थान के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन भी किया।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा हमारी पहचान एवं गौरव का आधार हैं। आधुनिक शिक्षा के साथ युवा पीढ़ी को सांस्कृतिक मूल्यों, संस्कारों और नैतिक आदर्शों से जोड़ना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की परीक्षाएं प्रशिक्षुओं को अपनी जड़ों से जोड़ने और उनमें ज्ञान के प्रति रुचि, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक हैं।
संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने कहा कि बौद्धिक परीक्षाओं से प्रशिक्षुओं की मानसिक क्षमता, तर्कशक्ति और ज्ञान का विस्तार होता है। ऐसी गतिविधियां उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ अपनी प्रतिभा पहचानने और भविष्य में बेहतर अवसरों की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
भारतीय उच्च शिक्षा संस्थान के प्रतिनिधियों ने कहा कि भारत बौद्धिक परीक्षा जैसी पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय सभ्यता, संस्कृति, संस्कारों और परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए संस्थान प्रबंधन, प्रधानाचार्या, शिक्षकों और प्रशिक्षुओं का आभार व्यक्त किया।
Ani, Kullu | Nov 21, 2026