मदन दिलावर की महिला प्रत्याशियों को दो टूक—खुद घर-घर जाकर करें प्रचार
कोटा। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने रामगंज मंडी में पंचायत समिति खैराबाद के भाजपा प्रत्याशियों की बैठक लेकर चुनाव प्रचार में घर-घर जनसंपर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला प्रत्याशियों से कहा कि वे अपने पति के भरोसे न रहें, बल्कि खुद जनता के बीच जाकर वोट मांगें।
दिलावर ने प्रत्याशियों के पतियों से भी कहा कि पत्नी के साथ प्रचार जरूर करें, लेकिन यह सोचकर अकेले प्रचार न करें कि गांव में लोग उन्हें जानते हैं। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल जनता के बीच महिला प्रत्याशी को ही काम करना है, इसलिए उनका लोगों से सीधा जुड़ाव जरूरी है।
मंत्री ने प्रत्याशियों को जनसंपर्क के दौरान लोगों की समस्याएं नोट करने और चुनाव के बाद उनके समाधान का प्रयास करने की बात कही। बैठक के बाद सभी 17 भाजपा प्रत्याशियों ने उपखंड अधिकारी हर्षित वर्मा के समक्ष नामांकन पत्र जमा किए।
Ladpura, Kota | Oct 15, 2026