#धूमधाम से मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी, अकीदत के साथ निकला जुलूस
#कस्बा सिकन्दरपुर में बुधवार को इस्लाम धर्म के आखिरी पैगम्बर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम का जन्मदिन जश्ने ईद मिलादुन्नबी के रूप में बड़े ही धूमधाम, अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरा कस्बा नातों, सलातो-सलाम और धार्मिक नारों से गूंजता रहा। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और राहगीरों के बीच मिठाई व शरबत का वितरण किया।
पुरानी परंपरा के अनुसार सुबह करीब 10 बजे नगर के मोहल्ला डोमनपुरा में मोहल्ला मिल्की, मोहल्ला गन्धी, मोहल्ला बड्ढा सहित कस्बे और क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों से मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्र हुए। मोहल्ले के बुजुर्गों और युवाओं ने गर्मजोशी के साथ विभिन्न मोहल्लों से आए लोगों का फूल-मालाओं, इत्र और आतिशबाजी के साथ इस्तकबाल किया। जश्ने ईद मिलादुन्नबी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इसके बाद जुलूस पूरी अकीदत और शान के साथ आगे बढ़ा। जुलूस मोहल्ला चांदनी चौक, इदरीसिया मोहल्ला, मिल्की मोहल्ला, आनंदी चौक, चौक बाजार, मोहल्ला गन्धी, मोहल्ला भीखपुरा और मोहल्ला बड्ढा होते हुए दरगाह के मैदान पहुंचा। इसके बाद जुलूस कर्बला के मैदान में पहुंचकर समाप्त हुआ, जहां सलातो-सलाम का नजराना पेश किया गया और मुल्क व कौम की खुशहाली, अमन-चैन तथा भाईचारे के लिए दुआ की गई।
जुलूस के दौरान नातख्वानों ने अपनी खूबसूरत नातख्वानी के माध्यम से नबी-ए-करीम हजरत मोहम्मद ﷺ की शान में अकीदत का नजराना पेश किया। नातों की सदाओं से वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में जश्ने ईद मिलादुन्नबी को लेकर उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी भी जुलूस में शामिल हुए और लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। विभिन्न मोहल्लों में युवा कमेटियों के सदस्यों ने जुलूस में शामिल लोगों के लिए मिठाई, शरबत और पानी आदि की व्यवस्था की। सेवा और स्वागत के लिए जगह-जगह युवाओं की टोलियां सक्रिय रहीं।
रातभर सजते रहे मोहल्ले, धार्मिक मॉडल बने आकर्षण का केंद्र
जश्ने ईद मिलादुन्नबी से एक दिन पूर्व ही कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में तैयारियां तेज हो गई थीं। युवाओं ने देर रात तक मस्जिदों, रास्तों और प्रमुख स्थानों को फूल-मालाओं व आकर्षक सजावट से सजाया। कई स्थानों पर धार्मिक स्थलों के खूबसूरत मॉडल और नक्शे भी तैयार किए गए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
मोहल्लों की रंग-बिरंगी सजावट, रोशनी और धार्मिक माहौल ने पूरे कस्बे की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। कई स्थानों पर लोगों ने अपने स्तर से स्वागत द्वार और सेवा शिविर भी लगाए।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
जुलूस को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात रहा और पुलिसकर्मी जुलूस के साथ-साथ चलते रहे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। प्रशासन की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर कस्बे में दिखाई दिया उत्साह जहां धार्मिक आस्था और अकीदत का प्रतीक रहा, वहीं लोगों ने मोहब्बत, अमन, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम भी दिया। पूरे आयोजन के दौरान आपसी सौहार्द और शांति का माहौल देखने को मिला।