महाविद्यालय परिसर में पेड़ों की कथित अवैध कटाई पर छात्रों का विरोध, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
बाँदा | 6 जुलाई 2026
जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय परिसर में पेड़ों की कथित अवैध कटाई को लेकर छात्रों ने विरोध जताते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने एक सप्ताह के भीतर मामले की जांच पूरी कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए महाविद्यालय परिसर में शिक्षकों और छात्रों की सहभागिता से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने की भी मांग की।
छात्र नेता कार्तिक आनंद के अनुसार, 4 जुलाई को छात्र नेता शिवा शुक्ला ने महाविद्यालय परिसर में पेड़ों की कटाई होते देख संबंधित अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद कटाई रुकवाई गई। छात्रों का आरोप है कि काटे गए पेड़ों की लकड़ियाँ, जो महाविद्यालय की संपत्ति थीं, बाद में मौके से गायब हो गईं।
छात्रों का यह भी आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के दौरान उन्हें प्राचार्य से मिलने के लिए लगभग तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। उनका कहना है कि प्राचार्य कार्यालय में मौजूद नहीं थे और कई बार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। बाद में प्राचार्य के पहुंचने पर छात्रों ने अपना विरोध दर्ज कराया और ज्ञापन सौंपा।
छात्र नेता कार्तिक आनंद ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो छात्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्तिक आनंद, शिवा शुक्ला, नमन निगम, अमित जाटव, युवराज सिंह, अंशु ठाकुर सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
नोट: यह समाचार छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके ज्ञापन के आधार पर तैयार किया गया है। मामले में महाविद्यालय प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा
UP 90 Creator
#BandaNews #EnvironmentProtection #StudentProtest #UttarPradesh
Banda, Banda | Jul 6, 2026